रायपुर । महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के सम्मान, सुविधा और समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसान की मेहनत का हर दाना अनमोल है और यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले तथा धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े आज बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने खरीदी व्यवस्था और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परंपरा के अनुसार तौल मशीन की पूजा-अर्चना की तथा धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने किसानों को धान खरीदी सीजन की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बैठकर तौल, टोकन एवं भुगतान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
किसान की मेहनत का हर दाना अनमोल
किसानों से संवाद करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि धान का प्रत्येक दाना किसान के महीनों के परिश्रम, धैर्य और उम्मीदों का परिणाम होता है। किसान जब अपनी उपज लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचता है, तो उसके साथ परिवार के सपने और जरूरतें भी जुड़ी होती हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि उपार्जन केंद्रों में किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें, उनकी उपज की सही तौल हो और मेहनत का पूरा मूल्य समय पर प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि किसानों का मान ही छत्तीसगढ़ की शान है। राज्य सरकार अन्नदाताओं के सम्मान और आर्थिक समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है।
खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
मंत्री ने उपार्जन केंद्र में तौल व्यवस्था, धान की नमी जांच, बारदाना, स्टैकिंग, पेयजल और छाया सहित किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और समिति कर्मचारियों को निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और केंद्र में उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। तौल में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए तथा खरीदी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जाए।
3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। उपार्जन केंद्रों में प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान की भर्ती निर्धारित की गई है।
नए जूट बारदानों का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य है, जबकि धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी स्वीकार्य निर्धारित की गई है।
पहले दिन 37 केंद्रों में 6,584 क्विंटल धान की खरीदी
जिले में धान खरीदी के पहले दिन 37 उपार्जन केंद्रों में कुल 6,584 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया। यह आंकड़ा पिछले वर्ष खरीदी के पहले दिन की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने किसानों से अपील की कि वे ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से अपना टोकन प्राप्त करें और निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा एवं सूखा धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचें। उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उपार्जन केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।