नवा रायपुर के आसमान में सारंग टीम का शौर्य प्रदर्शन, पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना। सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर टीम के जवानों ने अपने रोमांचकारी प्रदर्शन से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के साहसिक प्रदर्शन से हुई। टीम के जवानों ने ऊंचे आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग करते हुए रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों का रोमांचकारी हवाई प्रदर्शन रहा। हेलीकॉप्टरों ने आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन, क्रॉसओवर और कई हैरतअंगेज मैनुवर प्रस्तुत किए। पांचों हेलीकॉप्टरों के बीच बेहतरीन तालमेल और सटीक नियंत्रण ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष भी सुनाई दिया, जिसने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। वहीं, अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन बनाकर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण, आपसी विश्वास और उत्कृष्ट टीम भावना का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इन जांबाज वायु वीरों का साहस और कौशल विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। इस तरह के प्रदर्शन भारतीय वायु सेना की कठिन ट्रेनिंग, तकनीकी दक्षता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि राज्य निरंतर विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुए।

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का गौरव बढ़ा चुकी है।

2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन

फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के जवान अपनी रोमांचकारी प्रस्तुतियों से दर्शकों को भारतीय वायु सेना के अद्भुत कौशल और शौर्य से रूबरू कराएंगे।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, श्रीमती कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, भारतीय वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *