रायपुर में फिर सजेगा ‘द लोकल मेकर्स मार्केट’, देशभर के 70+ मेकर्स और कलाकार दिखाएंगे हुनर

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर कला, हस्तशिल्प और संस्कृति के रंगों से सराबोर होने जा रही है। कम्युनिटी इवेंट्स एवं कंटेंट प्लेटफॉर्म ‘द लोकल’ की ओर से 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक ‘द लोकल मेकर्स मार्केट – एडिशन II’ का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन विधानसभा रोड स्थित द वाहे (The Vaahe) में दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा।

इस मेकर्स मार्केट में देशभर से 70 से अधिक मेकर्स और 10 से ज्यादा कलाकार हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के शिल्पकार और कलाकार अपने हस्तनिर्मित उत्पादों और कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे।

हस्तशिल्प से लेकर संगीत तक, दिखेगा संस्कृति का संगम

आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन सिर्फ खरीदारी का मंच नहीं बल्कि कला और संस्कृति का उत्सव होगा। यहां हस्तनिर्मित फैशन, होम डेकोर, ज्वेलरी, पॉटरी, फाइन आर्ट और मूर्तिकला जैसी विविध कलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके साथ ही लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन, रचनात्मक कार्यशालाएं, क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद और लोक, शास्त्रीय एवं सूफी संगीत की प्रस्तुतियां भी आयोजन का आकर्षण रहेंगी।

बस्तर पवेलियन रहेगा खास आकर्षण

इस वर्ष मेकर्स मार्केट का मुख्य आकर्षण ‘बस्तर पवेलियन’ होगा, जिसे छत्तीसगढ़ शासन के ग्रामीण उद्योग विभाग के सहयोग से तैयार किया जा रहा है। इस पवेलियन में बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा धातु कला, रॉट आयरन शिल्प और जनजातीय कला को प्रदर्शित किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि बस्तर पवेलियन को गैलरी शैली में तैयार किया गया है, जिससे लोग प्रदेश की समृद्ध शिल्प विरासत को करीब से समझ और अनुभव कर सकेंगे।

रायपुर को सांस्कृतिक पहचान दिलाने की पहल

‘द लोकल’ की संस्थापक पारुल खुराना ने कहा कि मेकर्स मार्केट केवल स्टॉल लगाने या खरीदारी का आयोजन नहीं है, बल्कि देशभर के कलाकारों और शिल्पकारों को पहचान दिलाने का एक मंच है। उन्होंने कहा कि इस बार बस्तर पवेलियन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को बड़े स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य रायपुर और छत्तीसगढ़ को देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना है, ताकि स्थानीय कला और रचनात्मकता को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिल सके।

एक दशक से संस्कृति और समुदाय को जोड़ रहा ‘द लोकल’

वर्ष 2015 में शुरू हुआ ‘द लोकल’ रायपुर का महिला नेतृत्व वाला कम्युनिटी इवेंट्स एवं कंटेंट प्लेटफॉर्म है। पिछले दस वर्षों में संस्था ने कम्युनिटी बाजार, फूड फेस्ट और मेकर्स मार्केट जैसे आयोजनों के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का काम किया है।

आयोजकों के अनुसार, अब तक इन आयोजनों में 3.5 लाख से अधिक लोग शामिल हो चुके हैं।

द लोकल मेकर्स मार्केट – एडिशन II
  तारीख: 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026
  समय: दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक
  स्थान: द वाहे (The Vaahe), विधानसभा रोड, रायपुर

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *