छात्रों का भविष्य और प्रशासन की लापरवाही

प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (कर्मचारी चयन आयोग – SSC) की सिपाही भर्ती परीक्षा में उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक बड़े पैमाने पर अव्यवस्था सामने आई, जिसके बाद कई केंद्रों पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रयागराज में दोगुने छात्र पहुंचे, सिस्टम कम पड़े

प्रयागराज के अंदावा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर उस समय स्थिति बिगड़ गई जब जितने कंप्यूटर सिस्टम की व्यवस्था थी, उससे लगभग दोगुने अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंच गए। बताया गया कि एक पाली में 500 से अधिक सीटों के मुकाबले हजार से ज्यादा छात्रों को बुला लिया गया, जिससे कई अभ्यर्थियों को परीक्षा देने का मौका ही नहीं मिल सका।

इसके बाद नाराज छात्रों ने हंगामा किया, कुछ ने कथित तौर पर कंप्यूटर, कुर्सियां और अन्य उपकरणों को नुकसान भी पहुंचाया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।

गोरखपुर में भी विरोध प्रदर्शन

गोरखपुर के एक परीक्षा केंद्र पर भी कई छात्रों को एंट्री नहीं मिलने पर हंगामा हुआ। छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उसी दिन परीक्षा कराए जाने की मांग की।

मुजफ्फरपुर में अचानक परीक्षा रद्द

बिहार के मुजफ्फरपुर में परीक्षा के दौरान अचानक दूसरी और तीसरी पाली रद्द कर दी गई, जिसके बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों ने बिना पूर्व सूचना के परीक्षा रद्द करने पर नाराजगी जताई और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

आयोग की ओर से आश्वासन

प्रयागराज केंद्र पर स्थिति नियंत्रित करने के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई है, उनके लिए बाद में पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है और वे परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *