वरिष्ठजनों का अनुभव हमारी शक्ति, उनकी गरिमा हमारी जिम्मेदारी: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर । अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। आयोजन से 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए।

महाकुंभ के दौरान ‘सियान आशीष सेवा’ योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को देशभर में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास वितरित किए गए। इसके अलावा जरूरतमंद वरिष्ठजनों को 2 हजार छड़ियां, 1 हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गईं।

‘वरिष्ठजन केवल विरासत नहीं, विकास के सहभागी’

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजन देश और समाज की सांस्कृतिक विरासत तथा जीवन अनुभव के संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव को समाज के विकास में भी स्थान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “आपका अनुभव हमारी शक्ति है, आपकी गरिमा हमारी जिम्मेदारी है और आपकी सहभागिता विकसित छत्तीसगढ़ की पहचान है।”

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का वृद्धजन कल्याण केवल पेंशन तक सीमित नहीं है। वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और गरिमापूर्ण जीवन के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

15.90 लाख वरिष्ठजन योजनाओं से लाभान्वित

विभाग के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में 15,90,080 वरिष्ठजन विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 400 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर, पारदर्शिता के साथ और सम्मानपूर्वक पहुंचे।

2.55 लाख वरिष्ठजनों ने की तीर्थयात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि अब तक 2,55,845 वरिष्ठजन इस योजना के माध्यम से आध्यात्मिक यात्रा का लाभ ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा कई वरिष्ठजनों की लंबे समय से चली आ रही इच्छा होती है और यह योजना उसे पूरा करने का अवसर देती है।

कार्यक्रम में सियान हेल्पलाइन 155326 की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही वृद्धाश्रम, अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रशामक देखरेख गृह और सियान गुड़ी जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से वरिष्ठजनों को सुरक्षित और सम्मानपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

रायपुर में दो नई पहल की शुरुआत

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत की।

‘सियान आशीष सेवा’ के तहत जिले के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

वहीं ‘सियान श्रम सम्मान’ के तहत लंबे समय से पंजीकृत वरिष्ठ निर्माण श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में 60 वरिष्ठ श्रमिकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई।

वरिष्ठजनों के लिए तीन संकल्प

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने वरिष्ठजनों की सुरक्षा, सहभागिता और गरिमा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों के जीवन में आई सुविधा और उनके चेहरे की मुस्कान से आंकी जानी चाहिए।

कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारी, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *