ठाणे/तेलंगाना। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से शुरू हुई एक जांच ने तेलंगाना तक फैले बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया है। मीरा-भायंदर और वसई-विरार पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की संयुक्त कार्रवाई में संगारेड्डी जिले के जहीराबाद क्षेत्र में चल रही एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है।
पुलिस ने मौके से करीब 3 किलो तैयार एमडी ड्रग्स और 2,293 लीटर प्रतिबंधित रसायन जब्त किए हैं। इसके अलावा ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 6.32 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि पूरे ऑपरेशन में 20 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध सामान पकड़ा गया है।
यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब 4 अप्रैल को नयानगर (मीरा रोड) स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान 1.324 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2.66 करोड़ रुपये बताई गई। इस मामले में फिरदौस अरबाज कुरैशी और उसके पति अरबाज वकील कुरैशी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पूछताछ में अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस टीम तेलंगाना पहुंची और जहीराबाद के एक फार्महाउस में चल रही अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया। अब तक इस मामले में अलग-अलग स्थानों से 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल से जुड़े होने के भी संकेत मिले हैं, जिसकी जांच जारी है।