रायपुर। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त गर्म हवा के प्रभाव से अब प्रदेश में ठंड कम होने लगी है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बुधवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। साथ ही आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे।
आने वाले कुछ दिन भी मौसम का रुख इस प्रकार ही रहेगा। हवा की दिशा बदलने और गर्म हवा आने के कारण रायपुर सहित प्रदेश भर में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा। तापमान में बढ़ोतरी की वजह से ठंड कम हो गई और दोपहर की गर्मी भी बढ़ने लगी है। इसकी वजह से पंखे चलने शुरू होने लगे हैं। प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट रही, लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।
रायपुर में बढ़ा न्यूनतम तापमान
रायपुर का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 05.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश भर के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी ही दर्ज की गई।