रायपुर । छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था लगातार सशक्त हो रही है। शिक्षकों की भूमिका केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के जीवन में संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक मूल्यों का भी संचार करते हैं।
शिक्षा मंत्री श्री यादव दुर्ग जिले के खालसा पब्लिक स्कूल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के अंतर्गत दुर्ग एवं बेमेतरा जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों, प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला सम्मान
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया गया। इनमें शिक्षा श्री, शिक्षा दूत, ज्ञानदीप, उत्कृष्ट प्राचार्य और उत्कृष्ट प्रधान पाठक जैसे सम्मान शामिल रहे।
शिक्षा मंत्री ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समर्पित शिक्षकों का योगदान विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण है। उनके प्रयासों से न केवल बच्चों का शैक्षणिक विकास होता है, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
शिक्षकों का सम्मान शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा
श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि उत्कृष्ट एवं समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान देना और शिक्षा जगत में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है। ऐसे आयोजन अन्य शिक्षकों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि सम्मानित शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयास अनुकरणीय हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों का समर्पण आवश्यक है।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस दिशा में शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी और उनकी प्रतिबद्धता बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षकों के सहयोग से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत की जा सकती है।
समारोह में संभाग आयुक्त श्री एन.के. राठौड़ सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट शिक्षकों के योगदान की सराहना की गई और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया गया।