तेज लगने लगी धूप, मौसम में फिर होगा उलटफेर

अंबिकापुर। उत्तरी छत्तीसगढ़ में अब लोगों को हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। इस बीच एक ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ शनिवार से उत्त्तरी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा है। इसका असर सरगुजा संभाग के मौसम को फिर से प्रभावित करेगा। सात और आठ मार्च को संभाग मुख्यालय में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में एक बार फिर से तापमान में उतार-चढ़ाव तय है। होली पर्व के पहले जहां मौसम विज्ञानी इस बार तेज गर्मी पड़ने की संभावना जता रहे थे लेकिन मौसम में लगातार परिवर्तन से तापमान में उतनी तेजी अभी नहीं आ पाई है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में सिर्फ एक दिन 31 डिग्री के आसपास तापमान पहुंचा था। लगातार मौसम में परिवर्तन का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। अस्पतालों में मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अचानक गर्मी और और उसके बाद बारिश से तापमान में गिरावट और ठंड इसकी वजह बताई जा रही है।

सात व आठ मार्च को हो सकती है बारिश

मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार पांच मार्च को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में सात या आठ मार्च को पड़ने की संभावना है। हालांकि इसका ज्यादा असर दक्षिणी छत्तीसगढ़ में ज्यादा होगा। आंध्रप्रदेश व तमिलनाडु में गहन अवदाब के कारण पश्चिमी विक्षोभ उस इलाके में ज्यादा प्रभावी होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *