बिलासपुर। धर्मांतरण रोकने के लिए इस बार नवरात्रि पर्व पर अलग नजारा देखने को मिल रहा है। एक तरफ दुर्गा पंडालों में बैनर लगाकर हिंदुओं को संदेश दिया जा रहा है कि धर्म परिवर्तन बंद करो। ऐसे दोगले हिंदुओं पर रिश्ता और भरोसा खत्म करो, जो अपने धर्म का नहीं वो आपके क्या होंगे।
वहीं, धर्म जागरण को लेकर हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है, ध्वज यात्रा निकाली जा रही। जबकि, चर्च पर बवाल रोकने के लिए प्रबंधन ने नोटिस चस्पा किया है कि यहां धर्म परिवर्तन नहीं कराया जाता। यह जगह केवल ईसाई धर्म के विश्वासियों के लिए हैं, बाकी लोग अपनी इच्छा से आए और विवाद की स्थिति के लिए खुद जिम्मेदार होंगे।
दरअसल, बिलासपुर जिले में प्रार्थना सभा के बहाने धर्मांतरण कराने जैसे आरोप लगातार लगते रहे हैं। जिले के सकरी, मस्तूरी, पचपेड़ी, सीपत, सरकंडा, राजेंद्र नगर सहित कई इलाकों में धर्मांतरण को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने बवाल मचाया, जिसमें धर्मांतरण कराने वालों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज कराए गए। जिले में पिछले 4 महीने में 30 से अधिक ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें हिंदुओं को बरगलाकर और प्रलोभन देकर धर्मांतरण करने के आरोप लगे हैं, जिसमें पुलिस ने केस भी दर्ज किया है।