रायपुर। छत्तीसगढ़ के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी।
इस सुविधा के शुरू होने से बिलासपुर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या दूर होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलेगी। सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच यातायात प्रबंधन और पार्किंग की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित भूमि में अधिकतम पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने वाली यह परियोजना शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे नागरिकों का समय बचेगा और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
पांच मंजिला भवन में 80 कारों की पार्किंग क्षमता
बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विकसित इस पार्किंग भवन में भूतल सहित कुल पांच मंजिलें हैं। प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। भूतल पर वाहनों के प्रवेश, निकास और स्वचालित संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इस परियोजना के माध्यम से सीमित शहरी भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए आधुनिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है। यह बिलासपुर को स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शटल तकनीक से बिना चालक के पार्क होगी कार
इस ऑटोमेटेड पार्किंग की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अत्याधुनिक शटल तकनीक है। इसमें वाहन चालक को अपनी कार भूतल पर निर्धारित प्रवेश बे में खड़ी कर बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली कार को एलिवेटर के माध्यम से निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगी। वहां शटल रोबोटिक उपकरण कार को उपलब्ध पार्किंग स्लॉट में सुरक्षित पार्क कर देगा।
इसी तरह वाहन वापस लेने के लिए अनुरोध करने पर स्वचालित प्रणाली कार को संबंधित पार्किंग स्लॉट से निकालकर भूतल स्थित निकास बे तक पहुंचा देगी। इस पूरी प्रक्रिया में वाहन चालक को स्वयं ऊपरी मंजिलों पर जाकर पार्किंग स्थान तलाशने या कार चलाने की जरूरत नहीं होगी।
आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस है पार्किंग
परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश बे और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण एवं निगरानी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परियोजना के डिजाइन के अनुसार इसकी वाहन संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
इस आधुनिक पार्किंग सुविधा से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में आने वाले व्यापारियों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग कम होने से यातायात का दबाव घटेगा और शहर में आवागमन अधिक सुगम होगा।
लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला एवं श्री धरमलाल कौशिक, महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश की यह पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग बिलासपुर के शहरी विकास को नई दिशा देने के साथ आधुनिक परिवहन एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार का उदाहरण बनेगी।