तेज रफ़्तार पिकअप वाहन ने स्कूल जा रहे तीन बच्चों को रौंदा, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोल्हुई क्षेत्र के इकरा इंटर कालेज के सामने अचानक अनियंत्रित हुए एक पिकअप ने स्कूल जा रहे तीन बच्चों और एक अन्‍य व्यक्ति को कुचल डाला। इस हादसे में एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गयी है।

लोटन की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप के ड्राइवर ने एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद भागने के चक्कर में साइकिल से स्कूल जा रहे तीन बच्चों को कुचल दिया। इस हादसे में लबदहा के रहने वाले वजीउल्लाह पुत्र अबु हरेरा की दर्दनाक मौत हो गयी है। वहीं फरहान और अब्दुल बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। इनके साथ ही पिकअप की चपेट में आए बाइक सवार बबलू शर्मा भी गंभीर रूप से जख्मी हैं। बबलू क्षेत्र में स्थित अपनी ससुराल में आए हुए थे।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस संबंध में एसओ अजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *