रफ्तार, लापरवाही और खराब सड़कें बनीं काल: CG में अलग-अलग हादसों में 2 की मौत

अंबिकापुर/गरियाबंद/तखतपुर। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और खराब सड़कों के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार का दिन प्रदेश में हादसों के नाम रहा। अलग-अलग जिलों में हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं।

अंबिकापुर-रायपुर हाईवे पर कार ट्रक से टकराई, युवक की मौत

पहला हादसा अंबिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकलां के पास हुआ। देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

पुलिस ने ट्रक और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

गरियाबंद में सरकारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दूसरा हादसा गरियाबंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नहरगांव के पास हुआ। यहां आबकारी विभाग की सरकारी बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में बाइक सवार संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने सरकारी वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तखतपुर में गड्ढे में फंसा ट्रैक्टर, ईंटों के नीचे दबे युवक और बच्चा

तीसरा हादसा तखतपुर के नया बस स्टैंड के पास हुआ। ईंटों से भरा ट्रैक्टर सड़क के गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित होकर पलट गया।

ट्रैक्टर पलटने से ईंटों का ढेर 40 वर्षीय युवक और एक बच्चे के ऊपर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों ने खराब सड़क को हादसे की बड़ी वजह बताया है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन शिकायतों के बाद भी सुधार कार्य नहीं हुआ।

लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और खराब सड़कों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *