पेड़ में जा घुसी तेज रफ़्तार कार, एक ही गाँव के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

भुवनेश्वर: छत्तीसगढ़ के पड़ोसी सूबे ओडिशा में एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत होने की खबर सामने आ रही है। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की बॉर्डर से लगे नुआपाड़ा जिले के जोंक थाना अंतर्गत सुनसुनिया में यह दुर्घटना हुई है। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क से उतर कर पेड़ से टकराई।

इस हादसे में एक बालक व एक महिला सहित कुल 6 लोगों की जान चली गई है। सभी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रसोड़ा के रहने वाले हैं। सभी एक शादी समारोह में शामिल होने सिंधीकेला ओडिशा जा रहे थे। सुनसुनिया स्थित महामाया कॉलेज के पास नुआपड़ा-बरगढ़ बीजू एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे ही थे कि ड्राइवर सुकनाथ ने कार पर से नियंत्रण खो दिया।

जिसके बाद तेज रफ्तार कार नंबर CG 06 GF 2753 सड़क से 10 फीट नीचे उतरकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में प्रदीप मल्लिक (50 वर्ष), बसंती मल्लिक (45 वर्ष), जगदीश साहू (45 वर्ष), मानस साहू (12), शत्रुघन प्रधान (65 वर्ष) व सुकनाथ भोई (50) की घटनास्थल पर मौत हो गई। ग्राम रसोड़ा के 6 लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *