छत्तीसगढ़ में विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह शुरू, 13 से 18 जुलाई तक सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलेगा अभियान

रायपुर। महिलाओं और किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 13 से 18 जुलाई 2026 तक विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत राज्यभर की पात्र बालिकाओं तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के सफल संचालन के लिए सभी जिलों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण किया जा रहा है। साथ ही समाचार पत्रों, पंपलेट, सोशल मीडिया और अन्य सूचना माध्यमों के जरिए लोगों को HPV टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

राज्य टीकाकरण अधिकारी एवं उप संचालक डॉ. वी.आर. भगत ने कहा कि HPV वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह ऐसी वैक्सीन है जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और बेटियों के स्वस्थ भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है।

उन्होंने बताया कि विशेष टीकाकरण सप्ताह का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी जिलों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान चला रही हैं और स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा अभिभावकों के सहयोग से शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

डॉ. भगत ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों को समय पर HPV टीका अवश्य लगवाएं और समाज में इसके प्रति सकारात्मक जागरूकता फैलाने में सहयोग करें। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कहा है कि अभियान की लगातार निगरानी और समीक्षा की जाएगी, ताकि अधिकतम लाभार्थियों तक टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *