श्रीनगर । जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लेह प्रशासन के समक्ष शांति बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया है। केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब में वह मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुए। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति बनाए रखने के लिए किसी भी तरह का बॉन्ड, यहां तक कि अंतरिम शांति बॉन्ड पर भी हस्ताक्षर करने का सवाल नहीं उठता।
वांगचुक का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही कोई ऐसा कार्य किया है, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका पैदा हो। इसलिए उनसे शांति बॉन्ड भरवाने की आवश्यकता नहीं है।
एलएएचडीसी चुनावों को लेकर प्रशासन ने किया था तलब
जानकारी के अनुसार, लेह प्रशासन ने सोनम वांगचुक को आगामी लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) चुनावों के मद्देनजर तलब किया था। प्रशासन ने उनसे पूछा था कि चुनाव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदमों के तहत शांति बॉन्ड क्यों न भरवाया जाए।
इसी सिलसिले में वांगचुक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसके जवाब में वह मजिस्ट्रेट के समक्ष उपस्थित हुए।
अंतरिम शांति बॉन्ड पर भी तैयार नहीं वांगचुक
प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए सोनम वांगचुक ने अनौपचारिक रूप से स्पष्ट किया कि वह किसी भी प्रकार के शांति बॉन्ड पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। उनका तर्क है कि जब उनकी ओर से शांति भंग करने की कोई गतिविधि नहीं की गई है, तो इस तरह का बॉन्ड भरने का औचित्य नहीं बनता।
लद्दाख में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर बढ़ी चर्चा
इस घटनाक्रम के बाद लद्दाख में प्रशासनिक कार्रवाई और आगामी एलएएचडीसी चुनावों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वांगचुक के रुख से स्पष्ट है कि वह शांति बॉन्ड की शर्त को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं हैं।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की आगे की कार्रवाई और मजिस्ट्रेट के स्तर पर होने वाले निर्णय पर नजर बनी हुई है।