धान के उठाव में सुस्ती, केंद्रों में होने लगा जाम

दुर्ग। समर्थन मूल्य पर धान बेचने खरीद केंद्रों में रोजाना धान की आवक बढ़ रही है। लेकिन इसकी तुलना में केंद्रों से धान का उठाव नहीं हो पा रहा है। जिले में अब तक साढ़े दस लाख क्विंटल धान खरीदी हो चुकी है।
जिसमें से मात्र एक लाख 80 हजार क्विंटल का ही उठाव हो पाया है। उठाव में सुस्ती की वजह से केंद्रों में धान जाम होने लगा है।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक दिसंबर से प्रारंभ हुई है। सरकार के निर्देश पर खरीदी शुरू होने के तीसरे दिन केंद्रों से धान का उठाव कराया गया। राइस मिलरों के माध्यम से धान का उठाव कराया जा रहा है।
तीसरे दिन ही उठाव शुरू होने से लगा था कि केंद्रों में इस बार धान जाम जैसी स्थिति नहीं होगी। कुछ दिनों पहले कलेक्टर ने भी बैठक लेकर केंद्रों से धान का नियमित उठाव किए जाने के संबंध में निर्देश दिेए थे।

जिले में करीब सवा सौ राइस मिलर है जिन्हें कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव करना है।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 10 लाख 50 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है जिसमें से मात्र एक लाख 80 हजार क्विंटल का ही उठाव हुआ है।

ननकट्ठी सहित कई समितियों में धान जाम होने की स्थिति निर्मित हो गई है। यह सप्ताह भर में उठाव नहीं हुआ तो खरीदी प्रभावित होने की आशंका है। वहीं केंद्रों से धान उठाव के लिए मार्कफेड द्वारा परिवहनकर्ताओं का ठेका किया जा चुका है। बावजूद परिवहनकर्ताओं से धान नहीं उठाव जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *