दिल्ली में SIR की शुरुआत, 13 हजार BLO घर-घर करेंगे वोटर लिस्ट का सत्यापन

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से वोटर लिस्ट विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत मतदाता सूची के सत्यापन के लिए 13 हजार से ज्यादा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे।

एसआईआर के पहले चरण में 30 जून से एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने का काम शुरू किया गया है। बीएलओ दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह प्रक्रिया 29 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी होगी।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी। मतदाता को एक भरा हुआ फॉर्म बीएलओ को जमा करना होगा, जबकि दूसरी प्रति रसीद के रूप में अपने पास रखनी होगी।

राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी मतदाताओं को फॉर्म भरने और जमा करने में सहायता करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि जो मतदाता फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाया जा सकता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वे सुबह और शाम के समय घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें। अगर किसी घर में ताला बंद मिलता है तो बीएलओ को कम से कम तीन बार वहां जाकर संपर्क का प्रयास करना होगा।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न हो और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न रहे। ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निपटारा 3 अक्टूबर तक किया जाएगा।

इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अपना गणना प्रपत्र जमा किया।

दिल्ली में वर्तमान में कुल 1,45,10,298 मतदाता हैं। इनमें 77,11,132 पुरुष, 67,98,142 महिला और 1,024 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 76,155 दिव्यांग मतदाता, 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 3,29,130 मतदाता और 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 192 मतदाता भी सूची में दर्ज हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *