शहीदों की स्मृति में सोनपुर में बनेगी शौर्य वाटिका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

रायपुर । दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत ग्राम सोनपुर में वीर शहीदों की स्मृति को संजोने और उनकी शौर्यगाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया।

लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों ने स्मृति वृक्ष लगाए। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी शहीदों की स्मृति में पीपल का पौधा रोपित कर वाटिका में पौधरोपण की शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने लगभग 78.96 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा, वृक्षारोपण और शेड निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 37.95 लाख रुपए की लागत से निर्मित सीसी रोड, आहता और शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमत चुकाई है। उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचना कठिन था, वहां अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे में शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज उन क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, जहां कभी जाना भी मुश्किल था। अब वहां शांति और बदलाव का वातावरण दिखाई दे रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने सोनपुर में शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका निर्माण की सराहना करते हुए कहा कि यहां शहीदों और उनके परिवारों के नाम पर पौधरोपण किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग और शौर्य को हमेशा याद रखें। उन्होंने सोनपुर गांव के योजनाबद्ध विकास के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में सांसद श्री विजय बघेल, साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, श्री सुरेन्द्र कौशिक, सरपंच श्री संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री रामू राम चक्रधर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *