नई दिल्ली | दिल्ली में NEET पेपर लीक और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास पर पहुंचकर पीएम मोदी से बातचीत की।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मुलाकात की तस्वीरें जारी की गई हैं। हालांकि, इस बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि इससे एक दिन पहले यानी 21 जुलाई को शरद पवार और सुप्रिया सुले दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में पहुंचे थे। वहां उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों और प्रदर्शनकारियों के मुद्दों का समर्थन किया था।
एक दिन बाद ही दोनों नेताओं की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात को लेकर राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं। हाल के दिनों में NCP (शरद पवार गुट) और NDA के बीच संभावित समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद पीएमओ ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि राज्यसभा सांसद शरद पवार और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
परिसीमन बिल पर सुले के बयान के बाद हुई मुलाकात
यह बैठक सुप्रिया सुले के हालिया बयान के बाद भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें उन्होंने परिसीमन बिल को लेकर सरकार को सशर्त समर्थन देने की बात कही थी। सुले ने कहा था कि अगर सभी राज्यों में समान रूप से 50 फीसदी सीटों की वृद्धि का प्रस्ताव आता है तो उनकी पार्टी इस पर विचार कर सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के भीतर चर्चा की जाएगी।
फिलहाल शरद पवार और सुप्रिया सुले की प्रधानमंत्री मोदी से हुई मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में नए समीकरणों को लेकर अटकलें जारी हैं। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से इस बैठक को लेकर कोई विस्तृत राजनीतिक बयान नहीं दिया गया है।