दंतेवाड़ा । ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ को जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट के डंकनी सभाकक्ष में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को इसे जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभियान केवल शासकीय कार्यक्रमों की श्रृंखला न होकर सेवा, समर्पण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का अवसर बने। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
उपमुख्यमंत्री ने विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने जिले में चल रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं और दिनवार एवं तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत श्री एम. भार्गव और सहायक नोडल अधिकारी श्री राजेश पात्रे सभी विभागों के साथ नियमित समीक्षा करते हुए अभियान की तैयारियों की सतत निगरानी करें।
बैठक में डीएफओ श्री रामाकृष्ण रंगानाथा वाय, अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्र सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।