महासमुंद में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’: गांव-गांव तक पहुंचेगा जनसेवा का संदेश, प्रभारी मंत्री ने दिए व्यापक आयोजन के निर्देश

महासमुंद । छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे जनभागीदारी के साथ भव्य और व्यापक स्वरूप देने के निर्देश दिए हैं। एक माह तक चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में आयोजित किया जाएगा।

जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण की यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार सभी कार्यक्रम समय पर पूरा करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे आयोजन

श्री बघेल ने कहा कि अभियान केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जनपद पंचायत, तहसील, नगर पंचायत, प्रमुख कस्बों और ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव की प्रेरक कहानियों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में सामने लाने के निर्देश दिए।

‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके माध्यम से नागरिकों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जिले के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, विरासत एवं सार्वजनिक महत्व के स्थलों पर भी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें विद्यार्थी विकसित भारत की अपनी कल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करेंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा और बच्चों की रचनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गतिविधियों से पहुंचेगा संदेश

‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों से आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की जानकारी सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

वहीं, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित होगी। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ से जुड़ेंगे नागरिक

अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों और संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नदी और घाटों की स्वच्छता सहित विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

‘सरकार आपके द्वार’ से पात्र हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।

अभियान के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने बताया कि अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित कर दिनवार और तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। सभी विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर समन्वय और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बैठक में जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, वनमंडलाधिकारी श्री श्रीनिवास एन.टी. सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *