दुर्ग में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान जल संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ चला जागरूकता अभियान

रायपुर । ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत दुर्ग जिले में पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में जल स्रोतों की स्वच्छता, जल संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया।

तालाब में श्रमदान कर दिया जल संरक्षण का संदेश

अभियान के तहत दुर्ग के सिविल लाइन, कसारीडीह स्थित सतरूपा शीतला तालाब में जल संरक्षण एवं जल स्रोत सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, नगर पालिक निगम दुर्ग, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने तालाब तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

सामूहिक श्रमदान के माध्यम से तालाब की सफाई की गई। इस दौरान नागरिकों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में दुर्ग की महापौर अल्का बाघमार, एमआईसी सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

इंदिरा मार्केट में बांटी जूट-कपड़े की थैलियां

इसी क्रम में शाम 4 बजे इंदिरा मार्केट (सब्जी बाजार), दुर्ग में प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाजार में मौजूद नागरिकों और दुकानदारों को जूट एवं कपड़े की थैलियां वितरित की गईं।

लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने तथा पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में नागरिकों की भूमिका पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर, महापौर अल्का बाघमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, नगर पालिक निगम दुर्ग और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजित इन गतिविधियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में जल स्रोतों की स्वच्छता, जल संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के साथ नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *