टाटा कम्युनिकेशंस के साथ मिलकर शुरू की सेवा, 190 देशों में मिलेगी अंतरराष्ट्रीय रोमिंग सुविधा

नई दिल्ली । विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया ने नई सुविधा शुरू की है। एयर इंडिया ने टाटा कम्युनिकेशंस के साथ मिलकर ‘ईजीरोम’ नाम से अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल सिम सेवा पेश की है। इसके जरिए यात्रियों को विदेश में वॉयस और डेटा सेवाओं के लिए रोमिंग की सुविधा मिलेगी।

‘ईजीरोम’ को एयर इंडिया के विशेष वेबपेज के जरिए फिजिकल सिम और ई-सिम, दोनों रूपों में खरीदा जा सकेगा। यात्री विदेश जाने से पहले अपनी जरूरत के मुताबिक रोमिंग पैक चुन सकेंगे।

190 देशों तक पहुंचेगी सेवा

कंपनी के मुताबिक, सेवा की शुरुआत चुनिंदा देशों से की गई है और इसका विस्तार धीरे-धीरे 190 देशों तक किया जाएगा। इसमें यूरोप, उत्तरी अमेरिका, एशिया-प्रशांत, मध्य पूर्व और ऑस्ट्रेलिया समेत कई प्रमुख यात्रा गंतव्य शामिल होंगे।

यात्रियों को अलग-अलग देशों के लिए डेटा और वॉयस-डेटा पैक चुनने का विकल्प मिलेगा। इससे विदेश पहुंचने के बाद स्थानीय सिम लेने या कनेक्टिविटी की समस्या से बचने में मदद मिलेगी।

मौजूदा नंबर रखने की भी सुविधा

‘ईजीरोम’ में यात्रियों को अपने मोबाइल खर्च और डेटा इस्तेमाल पर नजर रखने के लिए अलर्ट और सूचनाएं भी मिलेंगी। इसके अलावा निर्धारित शुल्क देकर यात्री अपने मौजूदा मोबाइल नंबर को भी एक निश्चित अवधि तक बनाए रखने का विकल्प चुन सकेंगे।

विदेश में कनेक्टिविटी आसान बनाने की कोशिश

एयर इंडिया और टाटा कम्युनिकेशंस के मुताबिक, आज के दौर में यात्रियों के लिए विदेश में भी इंटरनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी जरूरी हो गई है। ‘ईजीरोम’ का उद्देश्य यात्रा से पहले ही मोबाइल कनेक्टिविटी की व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि विदेश पहुंचते ही यात्री अपने परिवार, दोस्तों और काम से जुड़े रह सकें।

यह सेवा एयर इंडिया के वेबपेज के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है और आने वाले समय में इसे एयर इंडिया के मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध कराने की योजना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *