रायपुर । छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार शिशिर रॉय चौधरी को प्रतिष्ठित मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
नवा रायपुर में मंगलवार को आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
शिशिर रॉय चौधरी वर्तमान में देश की प्रमुख समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) तथा अंग्रेजी दैनिक द स्टेट्समैन के छत्तीसगढ़ ब्यूरो प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह लंबे समय से अंग्रेजी प्रिंट मीडिया में सक्रिय हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं।
मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर पत्रकारिता जगत में हर्ष का माहौल है। यह सम्मान प्रदेश में पत्रकारिता के प्रति उनकी दीर्घकालीन प्रतिबद्धता और उल्लेखनीय योगदान का सम्मान है।
उनकी इस उपलब्धि को पत्रकारिता जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।