एशियन गेम्स की स्वर्णिम जीत पर संजू देवी का सम्मान डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा- छत्तीसगढ़ को आप पर गर्व

रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में महिला कबड्डी में शानदार प्रदर्शन कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी का सम्मान किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर, अटल नगर स्थित शासकीय आवास पर संजू देवी से मुलाकात कर उनकी उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने संजू देवी के माता-पिता अमरीका बाई और रामजी का भी अभिनंदन किया।

संजू देवी की उपलब्धि पर प्रदेश को गर्व

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि संजू देवी ने एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि संजू की इस उपलब्धि पर पूरे प्रदेश को गर्व है।

मुलाकात के दौरान साव ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। संजू ने टूर्नामेंट के दौरान टीम की यात्रा, मुकाबलों की तैयारियों और अपनाई गई रणनीतियों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि टीम ने सामूहिक रणनीति और बेहतर खेल कौशल के दम पर विभिन्न प्रतिद्वंद्वी टीमों का सामना किया।

प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रेरणा और अनुभव का लाभ

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भाग लेने से खिलाड़ियों को जो अनुभव मिलता है, उसका लाभ आने वाले समय में प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों को भी मिलेगा। संजू देवी की सफलता छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

माता-पिता के योगदान को भी सराहा

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संजू देवी के माता-पिता अमरीका बाई और रामजी से भी मुलाकात की। उन्होंने बेटी की सफलता में परिवार के सहयोग, संघर्ष और योगदान की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।

संजू देवी की यह अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा को सामने लाती है, बल्कि परिवार के समर्पण और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा भी प्रस्तुत करती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *