शहादत को सलाम, हर घर तिरंगे के नाम: बीजापुर में गूंजा देशभक्ति का संदेश

बीजापुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बीजापुर जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक मुख्यालयों में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

शहीद जवानों के परिजनों का किया सम्मान

माओवाद प्रभावित रहे बीजापुर के लिए इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस विशेष महत्व रखता है। 31 मार्च 2026 को जिले के नक्सल मुक्त होने के बाद यह पहला स्वतंत्रता दिवस है। इसी क्रम में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम एवं अधिकारियों ने शहीद जवानों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें तिरंगा भेंट किया। अधिकारियों ने जवानों के साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

तिरंगा रैली में उमड़ा जनसैलाब

जिलेभर में आयोजित तिरंगा रैलियों में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। नागरिकों ने भी उत्साह के साथ रैली में भाग लेकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।

हर घर तिरंगा फहराने की अपील

अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश पहुंचाना है।

बीजापुर में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस आजादी के जश्न के साथ शांति की नई शुरुआत और देश के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि का प्रतीक बन रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *