महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : राजेश अग्रवाल

रायपुर । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ एवं आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत लखनपुर में ग्राम पंचायत स्तरीय मछली बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए ग्रामीण परिवारों को आजीविका के नए साधनों से जोड़ने की पहल की सराहना की।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और गांवों में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ‘बिहान’ के माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मछली पालन स्थानीय संसाधनों पर आधारित ऐसा व्यवसाय है, जिससे ग्रामीण परिवार अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। मछली बीज वितरण से हितग्राहियों को इस व्यवसाय की शुरुआत के लिए आवश्यक आधार मिलेगा और आने वाले समय में यह उनकी नियमित आजीविका का माध्यम बन सकता है।

महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर

मंत्री ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह ‘बिहान’ अभियान की महत्वपूर्ण ताकत हैं। समूहों के माध्यम से महिलाएं बचत, ऋण, स्वरोजगार और विभिन्न आयमूलक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने कृषि, पशुपालन, मछली पालन, लघु उद्योग सहित स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। शासन का उद्देश्य है कि उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय कौशल का बेहतर उपयोग कर अधिक से अधिक परिवारों को स्थायी आजीविका से जोड़ा जाए।

आकांक्षी विकासखण्डों में विकास को गति देने का प्रयास

श्री अग्रवाल ने कहा कि आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, कौशल विकास और आजीविका जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास की मुख्यधारा से गांव के प्रत्येक परिवार को जोड़ना और स्थानीय स्तर पर आय के पर्याप्त साधन विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि योजनाओं की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और वह आत्मनिर्भर बन सके।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण हितग्राहियों को मछली बीज वितरित किया गया। हितग्राहियों ने इस पहल के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मछली पालन से उन्हें गांव में ही अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर लुंड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *