RR vs LSG IPL 2026: राजस्थान के लिए करो या मरो की जंग, जयपुर में आज भिड़ेंगे रजवाड़े और नवाब

IPL 2026 | आईपीएल 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और प्लेऑफ की रेस बेहद रोमांचक हो गई है। आज सीजन के 64वें मुकाबले में Rajasthan Royals और Lucknow Super Giants आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला राजस्थान के लिए ‘करो या मरो’ जैसा माना जा रहा है, क्योंकि टीम अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है।

राजस्थान रॉयल्स फिलहाल 12 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है। टीम के पास अब सिर्फ दो लीग मुकाबले बचे हैं, इसलिए प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए इस मैच में जीत बेहद जरूरी होगी। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम राजस्थान का समीकरण बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। इस मैदान पर अब तक आईपीएल के 67 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का रिकॉर्ड ज्यादा बेहतर रहा है। 43 मैच चेज करने वाली टीमों ने जीते हैं, जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 24 मुकाबलों में सफलता मिली है।

पिच रिपोर्ट की बात करें तो जयपुर की सतह बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 168 रन है, लेकिन मौजूदा टी20 क्रिकेट में 200 से ज्यादा का स्कोर सुरक्षित माना जाता है। ओस की वजह से दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है, इसलिए कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करते हैं। हालांकि तेज गेंदबाजों को यहां स्पिनर्स की तुलना में ज्यादा विकेट मिले हैं।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें राजस्थान ने 5 मैच जीते हैं, जबकि लखनऊ को सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत मिली है। इस सीजन की पहली भिड़ंत में भी राजस्थान ने लखनऊ को हराया था।

राजस्थान की संभावित प्लेइंग इलेवन में यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और जोफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत और मोहम्मद शमी जैसे स्टार खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर सकती है।

मैच का लाइव प्रसारण Star Sports नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर देखी जा सकेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि जयपुर में बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिलेगा या गेंदबाज मैच का रुख बदल देंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *