जशपुर में सड़क विकास को मिली रफ्तार, दो प्रमुख मार्गों के लिए 12.63 करोड़ मंजूर

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले के दो प्रमुख मार्गों के मजबूतीकरण एवं उन्नयन के लिए 12 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

स्वीकृत कार्यों के तहत शिवपुर से पत्थलगांव मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 5 करोड़ 1 लाख रुपये तथा दुलदुला से चटकपुर-लोटापानी मार्ग, कुनकुरी के 18.6 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 7 करोड़ 62 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन दोनों मार्गों के सुदृढ़ीकरण से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, वहीं विद्यार्थियों के लिए शिक्षण संस्थानों तक पहुंच आसान होगी। मरीजों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलेगी।

बेहतर सड़क संपर्क से दूरस्थ गांवों की मुख्य मार्गों और बाजारों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे यात्रा का समय कम होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मजबूत हो रहा जशपुर का सड़क नेटवर्क

जशपुर जिले में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण, उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मजबूत सड़क नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और व्यापार जैसी आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी।

सड़क अधोसंरचना के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ भी दूरस्थ क्षेत्रों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

दो महत्वपूर्ण मार्गों के मजबूतीकरण के लिए स्वीकृत राशि पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़कें बेहतर होने से लंबे समय से आवागमन में आ रही परेशानियां दूर होंगी और लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात की सुविधा मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत आवश्यकता है। इन मार्गों के सुदृढ़ीकरण से जशपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं मजबूत होंगी और लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार तथा बाजारों से बेहतर जुड़ाव मिलेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *