कोलकाता | कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेप एवं हत्या मामले को लेकर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने न्याय मिलने में हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से 7 दिन में न्याय दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन अब कई महीने बीत जाने के बाद भी न्याय नहीं मिला है।
पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ, जो एक जनप्रतिनिधि भी हैं, ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे अब भी सरकार पर भरोसा रखती हैं, लेकिन मामले में देरी से वह दुखी हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और पूरा मामला निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग उनकी बेटी की मौत के जिम्मेदार हैं, वे इंसान नहीं हैं और उन्हें हर हाल में सजा मिलनी चाहिए।
इस मामले में पीड़िता के पिता शेखर रंजन देबनाथ ने भी हाल ही में कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि जांच एजेंसियां जल्द न्याय दिलाएंगी और दोषियों को सजा मिलेगी।
यह मामला 9 अगस्त 2024 का है, जब कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज परिसर के सेमिनार कक्ष में 31 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर का शव मिला था। जांच में सामने आया कि उनके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। इस घटना के बाद देशभर में डॉक्टरों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था और पीड़िता के लिए न्याय की मांग की गई थी।