जगदलपुर । कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में दिव्यांगजनों के कल्याण और आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में दिव्यांगजनों का सर्वे कर उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने कहा।
कमिश्नर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को उपकरण उपलब्ध कराने के लिए क्लस्टर अथवा ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएं। पूर्व में वितरित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों की भी जांच की जाए और आवश्यकता होने पर उनमें सुधार अथवा बदलाव कराया जाए, ताकि उपकरण हितग्राहियों के लिए पूरी तरह उपयोगी साबित हों।
पात्र हितग्राहियों को पेंशन योजनाओं से जोड़ने पर जोर
कमिश्नर ने सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पात्र बुजुर्गों और महिलाओं का प्रत्येक माह चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को निर्धारित पेंशन योजनाओं से जोड़कर नियमित रूप से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी और डिजिटल लर्निंग पर जोर
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं को समेकित बाल विकास सेवाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ग्राम पंचायत स्तर से भी व्यवस्थाएं मजबूत करने कहा।
उन्होंने बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा से जोड़ने के लिए नवाचारपूर्ण प्रयास करने पर जोर दिया। इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी और डिजिटल लर्निंग मटेरियल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों को रोचक एवं सहज तरीके से प्रारंभिक शिक्षा प्रदान की जा सके।
रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश
कमिश्नर श्री सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने माहांत तक भर्ती प्रक्रिया की प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आगामी माह इसकी विस्तृत समीक्षा की जा सके।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर श्रीमती गीता रायस्त सहित समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।