रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों से 22 अक्टूबर तक विभागवार तैयारियों और प्रदर्शनी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। राज्योत्सव को केंद्रीय थीम पर आधारित स्वरूप देने पर भी जोर दिया गया।
विकास और भविष्य की दिशा पर रहेगा फोकस
राज्योत्सव में विभागीय प्रदर्शनी और कार्यक्रमों के माध्यम से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। साथ ही राज्य के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को प्रदर्शित करने पर जोर रहेगा।
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। बैठक में पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए।
संस्कृति विभाग को राज्योत्सव के लिए नोडल विभाग बनाया गया है। राज्य स्तरीय आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड), ग्राम तूता, नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित है।
विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
राज्योत्सव की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग मेला स्थल का ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक व्यवस्था और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जनसंपर्क विभाग और चिप्स प्रचार-प्रसार तथा हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे। वहीं नगर निगम रायपुर और एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं अग्निशमन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा एवं एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी, जबकि ऊर्जा विभाग आयोजन स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित अन्य अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।