रायपुर । वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं और कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार या लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बड़े निर्माण प्रोजेक्ट्स में गुणवत्ता और गति पर जोर
वित्त मंत्री ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यों को गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तेजी से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को भी कहा।
विद्युत आपूर्ति और सड़कों की स्थिति पर जताई नाराजगी
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर मंत्री श्री चौधरी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और व्यवधान की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मरम्मत कराने को कहा, ताकि नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।
पीएम सूर्यघर और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
श्री चौधरी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल स्थापित कराने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने हितग्राहियों को किस्त जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।
महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी में तेजी
महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री चौधरी ने शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी अभियान चलाकर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन एवं मरम्मत किए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।
किसानों को आधुनिक कृषि और उद्यानिकी के लिए प्रोत्साहन
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में मंत्री ने किसानों को फल एवं सब्जी उत्पादन के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग के प्रति किसानों में जागरूकता बढ़ाने को कहा।
अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई
मंत्री श्री चौधरी ने जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र नागरिकों तक समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।