राजस्व मंत्री का भरोसा: बातचीत से सुलझेगा विवाद, काम पर लौटेंगे तहसीलदार

रायपुर। सरगुजा के सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रदेशभर में चल रहे तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के आंदोलन को लेकर समाधान की उम्मीद जगी है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और सचिव स्तर पर अधिकारियों से लगातार चर्चा की जा रही है। जल्द ही इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।

राजस्व मंत्री के सरकारी निवास पर कनिष्ठ प्रशासनिक संघ और राजस्व विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी भी मौजूद रहीं। इस दौरान तहसीलदार संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और आपत्तियों को सरकार के सामने रखा।

सीतापुर घटना के बाद शुरू हुआ आंदोलन

गौरतलब है कि सरगुजा जिले के सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल और सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं।

राजस्व अधिकारियों की मांग है कि मामले के मुख्य आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज अधिकारियों ने प्रदेशव्यापी कामबंद आंदोलन शुरू कर दिया है।

सचिव स्तर पर जारी है संवाद

मीडिया से चर्चा करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राजस्व विभाग की सचिव संघ के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बातचीत कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “राजस्व सचिव उनसे चर्चा कर रहे हैं। जो भी स्थिति बनी है, उसका समाधान निकाल लिया जाएगा। तहसील अधिकारी जल्द काम पर लौटेंगे और व्यवस्था सामान्य होगी।”

विधायक पर कार्रवाई की मांग

तहसीलदार संघ सीतापुर की घटना को लेकर संबंधित विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। इसी मुद्दे पर संघ के प्रतिनिधि लगातार सरकार और विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। हालांकि मंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी संघ से प्रत्यक्ष बातचीत नहीं हुई है, लेकिन सचिव स्तर पर संवाद जारी है।

अधिकारी-कर्मचारी योजनाओं की रीढ़

राजस्व मंत्री ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं और सरकार सभी वर्गों के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है। सभी के साथ न्याय होगा और हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।”

रमन सिंह के बयान पर भी प्रतिक्रिया

बेमेतरा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाए जाने के वायरल वीडियो पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह अनुभवी नेता हैं और परिस्थितियों को समझते हुए ही अपनी बात रखते हैं।

योजनाओं में बाधा पर सख्ती जरूरी

राजस्व मंत्री ने कहा कि जब शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न होती हैं तो स्थिति तनावपूर्ण हो सकती है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करना उचित माना जा सकता है।

फिलहाल सरकार और तहसीलदार संघ के बीच बातचीत जारी है। अब सबकी नजरें सचिव स्तर पर चल रही चर्चा के नतीजों पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि आंदोलनरत अधिकारी कब अपने काम पर लौटते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *