IPL 2026 | इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस महामुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने होंगी। खिताब की इस जंग में आरसीबी के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। अब यदि बेंगलुरु फाइनल जीतने में सफल रहती है, तो वह आईपीएल इतिहास में लगातार दो सीजन का खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन जाएगी।
सिर्फ CSK और MI ने किया है यह कारनामा
आईपीएल के इतिहास में अब तक केवल दो टीमें ही लगातार दो बार चैंपियन बनने का रिकॉर्ड बना सकी हैं।
सबसे पहले महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जीती थीं। इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में लगातार दो खिताब अपने नाम किए थे।
अब आरसीबी के पास इस खास क्लब में शामिल होने का मौका है। टीम अगर फाइनल जीतती है तो चेन्नई और मुंबई के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली तीसरी फ्रेंचाइजी बन जाएगी।
गुजरात भी दूसरी ट्रॉफी की तलाश में
दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस भी इतिहास दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी। गुजरात ने 2022 में डेब्यू सीजन में ही खिताब जीता था और अब उसके पास दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने का मौका है।
टीम के पास शुभमन गिल, साई सुदर्शन और कगिसो रबाडा जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, जो फाइनल में मुकाबले का रुख बदल सकते हैं।
अहमदाबाद में होगा खिताबी मुकाबला
आईपीएल 2026 का फाइनल रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा।
एक तरफ आरसीबी लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराना चाहेगी, तो दूसरी ओर गुजरात टाइटंस दूसरी बार चैंपियन बनकर अपनी सफलता की कहानी को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी। ऐसे में क्रिकेट फैंस को एक रोमांचक और यादगार फाइनल देखने को मिल सकता है।