रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर राजधानी रायपुर स्थित केनाल लिंकिंग रोड पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के साहस, पराक्रम और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अमर मिसाल है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रानी दुर्गावती का शौर्य और त्याग भारतीय इतिहास की अनमोल धरोहर है। उनका जीवन आज भी करोड़ों लोगों को विपरीत परिस्थितियों में साहस, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए अपने महान नायकों और गौरवशाली इतिहास को याद रखना बेहद जरूरी है। जो समाज अपनी विरासत और इतिहास को सम्मान देता है, उसका भविष्य मजबूत होता है।
रानी दुर्गावती के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मुगल सेना के सामने अद्भुत वीरता दिखाई और अंतिम क्षण तक मातृभूमि एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका बलिदान भारतीय इतिहास में साहस और आत्मसम्मान के प्रतीक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश विकास के साथ अपनी विरासत और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। रानी दुर्गावती के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक भूलन सिंह मरावी, डॉ. नंदकुमार साय, रायपुर नगर निगम महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।