खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से 30 श्रद्धालु अयोध्या रवाना, वर्षों पुराना सपना हुआ साकार

रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन की रामलला दर्शन योजना के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से 30 श्रद्धालुओं का दल बुधवार सुबह अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। जनप्रतिनिधियों ने सुबह 9:15 बजे श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई।

श्रद्धालु पहले बस से खैरागढ़ से राजनांदगांव पहुंचेंगे। इसके बाद विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि योजना के माध्यम से उनका भगवान श्रीराम के दर्शन का वर्षों पुराना सपना पूरा हो रहा है।

यात्रा में मिलेगी आवास, भोजन और सुरक्षा की सुविधा

छत्तीसगढ़ सरकार की इस योजना के अंतर्गत चयनित श्रद्धालुओं को अयोध्या यात्रा के दौरान यात्रा, आवास, भोजन और नाश्ते सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंदिर दर्शन को सुगम बनाने के लिए यात्रा में सुरक्षा कर्मियों के साथ चिकित्सक दल और टूर एस्कॉर्ट की भी व्यवस्था की गई है।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

श्रद्धालुओं की रवानगी के अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला प्रशासन की ओर से परियोजना अधिकारी प्रकाशचंद्र तारम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी खैरागढ़ पुनित राम वर्मा समेत अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ अयोध्या धाम की यात्रा शुरू की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *