राजनांदगांव । राजनांदगांव शहर में विकास कार्यों को गति देते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सोमवार को 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान 15 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से बनने वाले प्रदेश के सबसे बड़े 2000 सीटर ऑडिटोरियम का भूमिपूजन प्रमुख आकर्षण रहा।
नए ऑडिटोरियम में बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें पार्किंग, कॉरिडोर के साथ करीब एक हजार लोगों के एक साथ भोजन करने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसके बनने से राजनांदगांव और आसपास के नगरीय क्षेत्रों को बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक एवं अन्य आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधा मिलेगी।
51 वार्डों में होंगे विकास कार्य
भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, विद्युतीकरण, पेयजल, पाइपलाइन विस्तार, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन निर्माण जैसे कार्य किए जाएंगे।
15वें वित्त आयोग से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपए की लागत से सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य होंगे। वहीं अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से सड़क, नाली, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 1 करोड़ रुपए से चार वार्डों में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन के कार्य होंगे।
इसके अलावा 15वें वित्त आयोग से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार का कार्य भी किया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।
राजनांदगांव के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि: डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगा। उन्होंने कहा कि शहर में सड़क, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और पाइपलाइन विस्तार सहित 43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राजनांदगांव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है और जनप्रतिनिधियों की मांगों एवं प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दी जा रही है।
शहर के लिए कई बड़ी योजनाओं की घोषणा
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राजनांदगांव नगर निगम को करीब 267 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक और नंदई चौक सहित प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। रानी सागर और बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपए की योजना तैयार की गई है।
इसके अलावा जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 6.85 करोड़ रुपए, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण के लिए 6.90 करोड़ रुपए और बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने की बात कही गई।
मोहारा जल संयंत्र की री-मरम्मत के लिए 4 करोड़ रुपए तथा ढाबा, गौरीनगर और गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12.61 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी जल्द दिए जाने की जानकारी उप मुख्यमंत्री ने दी।
स्वच्छता में देश में नंबर-1 बनाने का आह्वान
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नागरिकों से राजनांदगांव को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा नालियों एवं सड़कों पर नहीं डालने और नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने से शहर को देश में पहला स्थान दिलाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
रेल सुविधाओं के विस्तार पर भी सांसद ने दी जानकारी
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा राजनांदगांव के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन का कार्य जारी है और चौथी रेल लाइन भी शुरू हो गई है।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों को मॉडल एवं अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। गौरीनगर और स्टेशन पारा अंडरब्रिज का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है, जबकि मोतीपुर अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाइन को भी स्वीकृति दी गई है।
कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव सहित छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, नगर निगम सभापति श्री पारस वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।