राजिम बना नगर पालिका, डिप्टी CM अरुण साव बोले- विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

अधिसूचना के अनुसार, राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही अब राजिम नगर पालिका की सीमाएं होंगी। शासन के इस फैसले के बाद राजिम क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

विकास को मिलेगी नई दिशा: डिप्टी CM अरुण साव

उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने पर कहा कि इस निर्णय से शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे और विकास कार्यों को गति मिलेगी। इससे सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।

सरकारी योजनाओं का मिलेगा बेहतर लाभ

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ नागरिकों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। इससे राजिम में अधोसंरचना विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

राजिमवासियों में उत्साह

राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने राज्य सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका बनने से क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी और लंबे समय से लंबित कई विकास कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *