रायपुर के नंदनवन का 50 करोड़ से होगा कायाकल्प, PPP मॉडल पर बनेगा आधुनिक बॉटनिकल गार्डन

रायपुर । राजधानी रायपुर के अटारी गांव स्थित नंदनवन को जल्द ही नए और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसके कायाकल्प और विकास कार्यों पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। नंदनवन के बॉटनिकल गार्डन को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत नए सिरे से विकसित करने की योजना है।

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष नंदनवन पुनर्विकास की प्रस्तावित परियोजना का प्रस्तुतिकरण किया।

पर्यटकों के लिए विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

परियोजना के तहत नंदनवन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। बॉटनिकल गार्डन को नए स्वरूप में विकसित कर इसे पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक बनाने की योजना है।

मुख्य सचिव ने परियोजना की समीक्षा के दौरान पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न जन-सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए। इसके साथ ही नंदनवन के प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय स्वरूप को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य करने पर जोर दिया गया।

PPP मॉडल से होगा नंदनवन का विकास

प्रस्तावित परियोजना के तहत करीब 50 करोड़ रुपये के निवेश से नंदनवन का व्यापक पुनर्विकास किया जाएगा। PPP मॉडल के जरिए बॉटनिकल गार्डन और उससे जुड़ी सुविधाओं को विकसित करने की योजना है। परियोजना पूरी होने के बाद नंदनवन राजधानी के प्रमुख पर्यटन और प्रकृति-आधारित आकर्षणों में शामिल हो सकता है।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, छत्तीसगढ़ के सीईओ चंदन कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *