रायपुर ब्लास्ट हादसा: तीन मजदूरों की मौत, सरकार ने किया 30-30 लाख मुआवजे का ऐलान

रायपुर । राजधानी रायपुर के उरला स्थित थ्री डी फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट में तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। घटना के बाद फैक्ट्री को तत्काल बंद कर दिया गया है। वहीं मृतकों के परिवारों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के बाद फैक्ट्री के संचालन पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है और भविष्य में उद्योगों में सुरक्षा मानकों को लेकर और सख्ती बरती जाएगी।

फर्नेस में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उरला स्थित थ्री डी फैक्ट्री में फेरो अलॉय बनाने का काम होता था। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फेरो एलॉयज डिवीजन में संचालित फर्नेस में लान्सिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि फैक्ट्री को तत्काल बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई व्यक्ति या संस्था दोषी पाई जाती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *