दिल्ली में वर्षा जल संचयन अभियान शुरू, सभी 38 वाटर ATM पर मिलेगा मुफ्त पेयजल

नई दिल्ली। मॉनसून से पहले राजधानी में भूजल स्तर सुधारने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने बड़े पैमाने पर वर्षा जल संचयन अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले चरण में सरकारी भवनों में 500 नए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे, जबकि करीब 1000 निष्क्रिय प्रणालियों को दोबारा चालू किया जाएगा।

दिल्ली जल बोर्ड को इस अभियान की नोडल एजेंसी बनाया गया है। यह अभियान नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड, शिक्षा निदेशालय समेत विभिन्न सरकारी विभागों के भवनों में चलाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर वर्षा जल संचयन व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

वर्तमान में दिल्ली के 9,148 सरकारी भवनों में से 7,596 भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम मौजूद हैं। जल बोर्ड का लक्ष्य इन सभी प्रणालियों को पूरी तरह कार्यशील बनाकर आगामी मॉनसून में अधिकतम वर्षा जल का संचयन सुनिश्चित करना है। इससे भूजल पुनर्भरण में भी सुधार होगा।

जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि परियोजना का प्रारंभिक खर्च दिल्ली जल बोर्ड वहन करेगा, जिसे बाद में संबंधित विभागों से वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है और जून के पहले सप्ताह तक कार्य आवंटित कर दिए जाएंगे। पहले चरण का काम 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान की निगरानी के लिए दिल्ली जल बोर्ड एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी विकसित कर रहा है। इसके जरिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं की स्थापना, रखरखाव और अनुपालन की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा 59 सेवा प्रदाताओं को सूचीबद्ध किया गया है, जो परियोजना के क्रियान्वयन और रखरखाव में सहयोग करेंगे।

इस बीच, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने भी नागरिकों को राहत देते हुए अपने सभी 38 वाटर एटीएम से मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराने की घोषणा की है। यह सुविधा 2 जून से लागू हो गई है। इससे पहले केवल 15 वाटर एटीएम पर ही निशुल्क पानी उपलब्ध कराया जा रहा था।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *