रायगढ़ । वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ को प्रदेश का सबसे आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न शहर बनाना लक्ष्य है।
वित्त मंत्री ने मरीन ड्राइव, अंतर्राज्यीय बस स्टैंड (ISBT), एफसीआई ऑक्सीजोन, मिट्ठूमुड़ा तालाब, किसान राइस मिल ऑक्सीजोन और कयाघाट पुल सहित कई परियोजनाओं का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
नवंबर तक पूरा होगा मरीन ड्राइव
प्रगति नगर में निर्माणाधीन मरीन ड्राइव का निरीक्षण करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि यह परियोजना रायगढ़ की नई पहचान बनेगी। इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिलेगा। उन्होंने नवंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा ISBT
निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड को अगले चार दशकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसमें एक साथ 30 बसों के संचालन की सुविधा होगी, जबकि 40 अतिरिक्त बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
बस यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय बनाया जा रहा है, जिसमें करीब 550 लोगों के बैठने की सुविधा होगी। साथ ही बसों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप क्षेत्र भी विकसित किया जा रहा है।
ऑक्सीजोन से बढ़ेगी शहर की हरियाली
वित्त मंत्री ने एफसीआई परिसर में विकसित हो रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। करीब सात एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह हरित क्षेत्र शहरवासियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरण संरक्षण जरूरी है, इसलिए रायगढ़ में विकास के साथ हरित परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
इस दौरान नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।