रायगढ़ मेडिकल कॉलेज को 50 करोड़ की सौगात, भवन मरम्मत और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को मिली मंजूरी

रायगढ़ |  स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। छत्तीसगढ़ आरोग्य चिकित्सा शिक्षण एवं अनुसंधान समिति की साधारण सभा (स्वशासी समिति) की बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय भवन एवं चिकित्सालय भवन में विभिन्न मरम्मत और निर्माण कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपये के बजट का अनुमोदन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। इस अवसर पर वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी भी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण होने के साथ-साथ आकर्षक और बेहतर स्वरूप में किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और संबद्ध चिकित्सालय में सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को स्थानीय स्तर पर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

बैठक में मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के लिए आयुष्मान योजना के तहत आवश्यकतानुसार अति आवश्यक आकस्मिक दवाइयों की खरीदी को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा अस्पताल में टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के आवश्यक पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से भर्ती करने का निर्णय लिया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में एड्स मरीजों के उपचार के लिए एआरटी सेंटर प्रारंभ करने और कैंसर मरीजों के लिए कीमोथेरेपी सुविधा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।

बैठक में एमबीबीएस एवं एमडी/एमएस के लेक्चर हॉल और डेमो हॉल को हाईटेक बनाने के लिए इंटरैक्टिव पैनल लगाने का निर्णय भी लिया गया। साथ ही चिकित्सकों और छात्र-छात्राओं को शोध कार्य, पेपर पब्लिकेशन, वर्कशॉप एवं कॉन्फ्रेंस में अधिक सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया।

मरीजों के हित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाइयों, केमिकल्स, किट्स, ग्लासवेयर सहित अन्य छोटी-छोटी सामग्रियों की तत्काल खरीदी के लिए सभी क्लिनिकल विभागाध्यक्षों को स्वशासी मद से 5 हजार रुपये की अग्रिम राशि उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी गई। इस राशि का समायोजन नियमित बजट से जिला कोषालय के माध्यम से किया जाएगा।

बैठक में लिए गए निर्णयों से रायगढ़ मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता और पहुंच में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूरा कर आम जनता को जल्द लाभ पहुंचाया जाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, महापौर श्री जीवर्धन चौहान, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभागाध्यक्ष एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *