किरंदुल नगर पालिका में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याण शिविर, लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए लिए गए आवेदन

किरंदुल। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर नगर पालिका परिषद किरंदुल में ‘25 वर्ष सेवा और समर्पण–सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को विशेष जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के साथ अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क एवं नाली निर्माण, सोलर हाउस, पीएम स्वनिधि और आधार कार्ड सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन लिए गए। अधिकारियों ने कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि अन्य मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की पहल

नगर पालिका परिसर में लगाए गए बैनर के माध्यम से अभियान की रूपरेखा और इसके अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी गई। अभियान के प्रमुख आकर्षणों में ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ और ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ शामिल हैं। इसके साथ ही ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा की कहानी’, ‘आंगन मिलन सेवा’ और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ सहित 12 से अधिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ना तथा स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देना है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : रूबी शैलेंद्र सिंह

नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा और समर्पण की भावना के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों की जरूरतों के प्रति प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

सभी वार्डों में लगाए जाएंगे शिविर

मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में लगातार शिविर आयोजित कर लोगों को योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए जाएंगे।

शिविर में पार्षदगण, एल्डरमैन, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर पालिका द्वारा इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *