तिल्दा-नेवरा । नगर पालिका तिल्दा-नेवरा के वार्ड क्रमांक 5 में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में राजनीतिक दल से अधिक नगर हित को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्षद कांग्रेस, भाजपा या निर्दलीय किसी भी दल से हों, नगर पालिका का प्रयास सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा स्वीकृत राशि से सड़क, नाली सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 5 में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है। उन्होंने वार्ड की आवश्यकताओं के आधार पर अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से कराने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि रायपुर जिला पंचायत अनिल अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि कोहका कॉलेज रायपुर राम पंजवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती पलक विकास सुखवानी, भाजपा प्रदेश मंत्री अनुसूचित जाति चंद्रकुमार पाटिल, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र शर्मा, लोक निर्माण, राजस्व एवं बाजार विभाग के सभापति ईश्वर यदु, भाजपा तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद, सभापति सतीश निषाद और वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद राजेश कोटवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा सुरेश लखवानी, अनिल नायक, मनोनीत पार्षद, भाजपा नेता डॉ. खुमान वर्मा, पवन सेन, अमितोष, धीरज, राजेश सहित नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारी, सभी पार्षद और वार्ड के गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वार्ड में सड़क एवं नाली निर्माण शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। नगर पालिका प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने की बात कही गई।