राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ आगमन पर भव्य स्वागत, बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में होंगी शामिल

रायपुर । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ आगमन पर रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल में आत्मीय स्वागत किया गया। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की समस्त जनता की ओर से राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा पर उनका आगमन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में सहभागिता गौरव का अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सहभागिता छत्तीसगढ़ के लिए विशेष सम्मान की बात है। उनकी उपस्थिति से प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को मिलेगा सम्मान

छत्तीसगढ़ का बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट परंपराओं और जनजातीय संस्कृति के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यह उत्सव बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और लोक आस्था का प्रतीक है। मुरिया दरबार भी क्षेत्र की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था और जनजातीय संवाद की महत्वपूर्ण परंपरा से जुड़ा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की इन आयोजनों में सहभागिता से प्रदेश की जनजातीय विरासत और परंपराओं के महत्व को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ आगमन को प्रदेशवासियों के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *