साउथ सिनेमा | साउथ सिनेमा के मशहूर निर्देशक प्रशांत नील और सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की जोड़ी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ड्रैगन’ को लेकर चर्चा में है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच प्रशांत नील ने जूनियर एनटीआर की तारीफ करते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक बताया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत नील ने कहा कि वह पिछले 25 सालों से जूनियर एनटीआर के बड़े फैन रहे हैं। उन्होंने बताया कि एनटीआर की मास एंटरटेनर फिल्में देखते हुए वह बड़े हुए हैं और अब उन्हें डायरेक्ट करने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खास अनुभव है।
प्रशांत नील ने कहा, “जैसे ही मैंने उनके साथ काम शुरू किया, मुझे उनकी असली प्रतिभा का एहसास हुआ। उन्होंने किरदार और फिल्म की दुनिया को बिल्कुल उसी तरह समझा जैसा मैंने सोचा था।”
निर्देशक ने यह भी कहा कि जूनियर एनटीआर सिर्फ शानदार अभिनेता ही नहीं, बल्कि ऐसे कलाकार हैं जो निर्देशक के विजन को पूरी तरह समझकर उसमें अपनी अलग ऊर्जा जोड़ देते हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और स्क्रीन प्रेजेंस उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है।
फैंस भी लगातार जूनियर एनटीआर की एक्टिंग और हर किरदार में खुद को ढाल लेने की क्षमता की सराहना कर रहे हैं। यही वजह है कि उनकी हर नई फिल्म के साथ उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।