रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सत्र 2026-27 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीनीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से 30 जून 2026 तक आवेदन करने की अपील की है।
विभाग के अनुसार छात्रवृत्ति नवीनीकरण के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल 20 जून से शुरू हो चुका है, जबकि नए विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए SC और ST वर्ग के विद्यार्थियों के अभिभावकों की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये तथा OBC वर्ग के लिए 1 लाख रुपये निर्धारित की गई है। आवेदन के साथ स्थायी जाति प्रमाण-पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण-पत्र और पिछले वर्ष की परीक्षा परिणाम की जानकारी देना अनिवार्य होगा।
विभाग ने बताया कि छात्रवृत्ति राशि का भुगतान पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) के माध्यम से आधार आधारित प्रक्रिया से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को अपना बैंक खाता सक्रिय रखने और आधार से लिंक कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा सत्र 2026-27 से SC, ST और OBC विद्यार्थियों के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य किया गया है। OTR से जुड़े दिशा-निर्देश राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए अपने जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।